कन्नौज। गर्मी का प्रकोप बढ़ते ही डायरिया के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। जिला अस्पताल में डायरिया से पीड़ित 22 मरीजों को भर्ती कराया गया है। इस दौरान एक वृद्धा ने डायरिया की चपेट में आकर दम तोड़ दिया।
जैसे-जैसे गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा, लोगों में पेट संबंधी बीमारियां भी बढ़ने लगी हैं। खासतौर पर बच्चों और वृद्धों में डायरिया की शिकायतें बढ़ रही हैं। सुबह से जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ पहुंच जाती है। बुधवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 730 मरीजों ने पंजीकरण कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डायरिया से पीड़ित 22 मरीजों को इमरजेंसी में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। गुमटिया गांव में रहने वाली 70 वर्षीय राजमती जैन पत्नी हरिश्चंद्र की उपचार के दौरान मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के लोग शव लेकर घर चले गए। सीएमओ डॉ. कृष्ण स्वरूप ने बताया कि मौसम में गर्मी का प्रकोप बढ़ा है। ऐसे में खानपान पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। अधिक तेल युक्त भोजन को खाने से बचें। बासी भोजन न करें। बाजारों में कटे-फटे खुले में रखे फलों का सेवन न करें। बच्चों और वृद्ध लोगों को धूप से बचना चाहिए। रात को मच्छरदानी का प्रयोग करें। दस्त और बुखार आते ही चिकित्सक से परामर्श लें।