कन्नौज। जिले में यातायात नियमों को धता बताने वालों ने अंधेरगर्दी मचा रखी है। दिनोंदिन बढ़ रहे हादसों से जहां वाहन चालक सीख लेने को तैयार नहीं, वहीं पुलिस का भी उन्हें डर नहीं है। रोजाना दोपहिया वाहन चालक नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। यातायात माह सिर्फ फोटो सेशन बनकर निबट गया। पुलिस का ट्रैफिक प्रबंधन दुपहिया चालकों के आगे फेल नजर आता है।
सड़कों पर यातायात नियमों और पुलिस से डरे बगैर दुपहिया वाहन चालक नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। एक बाइक पर चार लोगों के साथ निकलना शहर में आम बात है। डग्गामार वाहनों पर ओवरलोड सवारियां लटक-लटक कर यात्रा कर रही हैं और जान हथेली पर रखकर यात्रा हो रही है। वाहनों में भूसे की तरह भरकर सवारियां ढोई जा रही हैं। वाहनों में नीचे, ऊपर बैठकर व पायदानों पर लटक कर यात्रा की जाती है। इस समय यात्रियों के सफर को देखते हुए वाहनों की पौ बारह चल रही है लेकिन इन पर कोई अंकुश नहीं लग पा रहा है। इससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
नहीं हैं वाहनों में रिफ्लेक्टर
जिले में ट्रैफिक पुलिस व संस्थाओं की ओर से कई चौकों पर वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाकर पुलिस जागरूक करती है, ताकि रात के समय वाहनों को दूसरे वाहनों को देखने में दिक्कत न हो। लेकिन, कुछ लापरवाह चालक इन रिफ्लेक्टर को अपने वाहनों पर लगाना उचित नहीं समझते। सबसे ज्यादा तादाद ट्रैक्टरों की है लेकिन उन पर भी कभी कोई कार्रवाई नहीं होती है।
होगी कड़ी कार्रवाई
एएसपी केसी गोस्वामी ने कहा कि हादसों को रोकने में स्वयं वाहन चालकों को भी नियमों का पालन करने की जरूरत है। बिना हेलमेट व क्षमता से अधिक सवारियां लेकर चलने वाले सभी दो पहिया व चार पहिया वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शहर में ट्रैफिक नियमों की खुलेआम उड़ रहीं धज्जियां
खानापूरी में निपटा यातायात सप्ताह