फोटो :35: मंडी समिति कन्नौज में धान केंद्र पर की जा रही खरीदारी। संवाद
समर्थन मूल्य 2369 से 2389 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित, पंजीकृत 863 किसानों में से 478 का सत्यापन
संवाद न्यूज एजेंसी
कन्नौज। जिले में धान क्रय के लिए 22 केंद्र खोले गए हैं। अभी तक इन केंद्रों पर 142 किसानों से 814.34 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। धान विक्रय के लिए पंजीकरण कराने वाले 863 किसानों में से 478 का सत्यापन विभाग द्वारा किया जा चुका है।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी अनूप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि धान की उत्पादकता 39.24 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है। जिले में स्थापित 12 चावल मिलों का भौतिक सत्यापन कराया जा चुका है। इनमें से सात मिलों का क्रय केंद्रों से संबद्धीकरण कराया जा चुका है। अब तक 863 किसानों द्वारा धान विक्रय के लिए पंजीकरण कराया गया है। इनमें से 478 किसानों के पंजीकरण का सत्यापन हो चुका है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर एक क्रय केंद्र को विकासखंड हसेरन में स्थानांतरित किया गया है। धान का समर्थन मूल्य 2369 से 2389 रुपये प्रति क्विंटल है। छनाई व उतराई के लिए 20 रुपये शुल्क निर्धारित है। धान क्रय का लक्ष्य 30 हजार मीट्रिक टन है। धान विक्रय करने वाले 124 किसानों को 167.43 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि परेशानी से बचने के लिए किसान धान को सुखाकर एवं साफ सफाई करके ही क्रय केंद्र पर लाएं जिससे धान विक्रय में असुविधा न हो।
प्रदेश भर में 4.12 लाख मीट्रिक टन से अधिक की धान खरीद
विपणन सत्र 2025-26 के तहत बुधवार तक 70 हजार से अधिक किसानों से 4.12 लाख मीट्रिक टन से अधिक की धान खरीद की गई। इस एवज में धान किसानों को अब तक 852.24 करोड़ रुपये भुगतान भी कर दिया गया। यही नहीं, बाजरा के किसानों को भी बुधवार तक 168.39 करोड़ का भुगतान उनके खाते में किया गया।