कन्नौज। शहर के दो केंद्रों पर हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन चल रहा है। जिसके लिए 1527 परीक्षक तैनात किए गए हैं। रविवार को 717 परीक्षकों ने मूल्यांकन किया, जबकि 810 गैरहाजिर रहे। करीब 28 हजार कॉपियां जांची गईं।
शहर के एसवीएस इंटर कॉलेज के उप नियंत्रक एसएल सिंह ने बताया कि उनके केंद्र पर हाईस्कूल की 19,294 कॉपियां जांची गईं। 464 परीक्षक और 68 उप प्रधान परीक्षक (डीएचई) उपस्थित रहे। इस केंद्र 956 परीक्षक और 97 उप प्रधान परीक्षक तैनात किए गए हैं। केके इंटर कॉलेज मूल्यांकन केंद्र के उप नियंत्रक एके शर्मा ने बताया कि उनके केंद्र पर इंटरमीडिएट की 8200 से अधिक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हुआ। यहां 54 डीएचई और 253 परीक्षक आए थे। यहां 571 परीक्षक और 66 डीएचई की ड्यूटी कॉपियां जांचने व देखरेख करने की लगाई गई है।
डीआईओएस राजेंद्र बाबू ने हाईस्कूल के मूल्यांकन केंद्र पर कप्तान सिंह को पर्यवेक्षक बनाया है। इंटरमीडिएट की कॉपियों के मूल्यांकन को लेकर शिवमोहन सिंह कुशवाहा को पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा यूपी बोर्ड की ओर से संदीप कुमार को जिले का पर्यवेक्षक बनाकर भेजा गया है। केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट दो दिनों में एक भी दिन नजर नहीं आए हैं।