कन्नौज। दीपावली मनाने के लिए पैतृक गांव गए प्राॅपर्टी डीलर के बंद पड़े मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। चोरों ने घर का ताला तोड़कर 7.20 लाख रुपये की नकदी समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। गांव लौटने पर परिवार को चोरी होने की जानकारी हुई। चोरी की सूचना मिलते ही एएसपी, कोतवाली प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। फॉरेसिंक टीम व डॉग स्क्वायड ने जांच की। पुलिस लगातार हो रही चोरियों को रोकने में नाकाम साबित हो रही है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के निवादा चांदापुर गांव निवासी अनिल कुमार पाल प्राॅपर्टी डीलर का काम करते हैं। सरायमीरा के देविन टोला मोहल्ला में दो मंजिला मकान बना है। वह परिवार के साथ रहते हैं। 12 नवंबर को दीपावली मनाने के लिए परिवार के साथ गांव गए थे। चोरों ने मकान का ताला तोड़कर 7.20 लाख रुपये, दो सोने की चेन चोरी कर ली। अनिल कुमार गुरुवार को लौटे तो सामान बिखरा देख पुलिस को सूचना दी। चोरी की जानकारी मिलते ही एएसपी डॉ. अरविंद कुमार, कोतवाल अजय कुमार अवस्थी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। फॉरेसिंक टीम ने साक्ष्यों को एकत्र किया। पुलिस ने डॉग स्क्वायड टीम को बुलाकर चोरों का पता लगाने का प्रयास किया। पीड़ित ने बताया कि त्योहार मनाने के लिए गांव गए थे। जब घर आए तो सारे ताले टूटे पड़े थे और सभी ताले भी गायब हैं। चोर जेवर व नकदी चोरी कर ले गए।
पहले इत्र कारखाना और अब प्रॉपर्टी डीलर का आवास
प्रॉपर्टी डीलर के मकान में हुई चोरी से ठीक एक दिन पहले पालिकाध्यक्ष के पुत्र हरीम अहमद के इत्र कारखाना में चोरी हो गई थी। पुलिस उसका खुलासा भी नहीं कर सकी है। शहर के नगर कोट मोहल्ले में स्थित इत्र कारखाना में 13 नवंबर की रात में बदमाशों ने वहां से तीन मोटर सहित इत्र बनाने के काम आने वाले पीतल व कॉपर के 24 थाल और डेग के ढक्कन सहित कई जरूरी सामान चोरी कर ले गए थे। इसकी कीमत तीन लाख रुपये बताई गई थी।