अमर उजाला ब्यूरो
तिर्वा(कन्नौज)। उमर्दा ब्लाक प्रमुख पद के लिए 13 अगस्त को होने जा रहे चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। ब्लाक परिसर में ग्यारह अगस्त को सुबह दस बजे से दोपहर दो बजे तक ब्लाक प्रमुख पद के लिए नामांकन किया जाएगा। इसी दिन शाम को 2.30 बजे के बाद नामांकन पत्रो की जांच-पड़ताल होगी। 12 अगस्त को उम्मीदवारों की नाम वापसी की जा सकेगी। 13 अगस्त को सुबह दस बजे से मतदान होगा। इसी दिन मतदान के बाद मतगणना की जाएगी। मतगणना के बाद परिणाम घोषित होगा।
ब्लाक प्रमुख चुनाव के लिए भाजपा नेे कार्यवाहक ब्लाक प्रमुख अजय वर्मा को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। उधर, समाजवादी पार्टी से पूर्व ब्लाक प्रमुख इंद्रेश यादव के चुनाव लड़ने की संभावना है। इसके अलावा दो अन्य निर्दलीय उम्मीदवार भी अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं।
उमर्दा ब्लाक में कुल 145 क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं। चुनाव जीतने के लिए उम्मीदवार को कुल 73 क्षेत्र पंचायत सदस्यों के मत हासिल करने होंगे। पूर्व में उमर्दा ब्लाक प्रमुख की सीट पर सपा के इंद्रेश यादव ब्लाक प्रमुख चुने गए थे। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा नेता अजय वर्मा ने उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाकर पद से हटा दिया था। शासन के निर्देश पर वह अभी तक कार्यवाहक ब्लाक प्रमुख पद का काम संभाल रहे हैं।
11 को नामांकन, 12 को वापसी, 13 को होगा मतदान
भाजपा व सपा प्रत्याशियों ने शुरू कर दिया जनसंपर्क