छिबरामऊ। इंटर कॉलेज के प्रबंधक और उनके साथी समेत चार लोगों पर युवक ने शिक्षक की नौकरी दिलाने के नाम पर 5.80 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने इंटर कॉलेज के प्रबंधक समेत चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिकंदरपुर के मोहल्ला गांधीनगर निवासी अचल कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि आरएसएम आदर्श इंटर कॉलेज के प्रबंधक फर्रुखाबाद के थाना मऊ दरवाजा के मोहल्ला गंगानगर कॉलोनी निवासी संतोष कुमार ने शिक्षक की नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। प्रबंधक ने सहयोग अचनकापुर निवासी सुनील कुमार व दो अन्य लोगों के सहयोग से नौकरी दिलाने के नाम पर 5.80 लाख रुपये ठग लिए। उन्होंने मूल शैक्षिक प्रपत्र भी ले लिए। काफी समय तक जब उसकी नौकरी नहीं लगी, तब उसने रुपये वापस मांगे। तब इन लोगों ने चतुर्थ श्रेणी पद पर फर्जी नियुक्ति पत्र दे दिया। एक वर्ष तक वह लगातार चपरासी बनकर नौकरी करता रहा। वेतन न मिलने पर उसने डीआईओएस कार्यालय में जानकारी की तो, उसकी नियुक्ति फर्जी निकली। उसने जब रुपये वापस मांगे तो प्रबंधक, उसके सहयोगी तथा दो अन्य व्यक्ति ने उसकी दुकान में घुसकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। कोतवाल विष्णुकांत तिवारी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।