योगेंद्र बघेल
कन्नौज/तालग्राम। प्रधानमंत्री आवास के लाभार्थी का पैसा ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव ने मिलते जुलते नाम वाले व्यक्ति के खाते में डलवाकर निकाल लिया। इंटरनेट में पैसा जारी होने का विवरण देखने के बाद लाभार्थी ने जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री से शिकायत की है। सीडीओ और बीडीओ ने जांच शुरू करा दी है। खुद को फंसता देख प्रधान लाभार्थी पर समझौते का दबाव डाल रहे हैं।
तालग्राम ब्लॉक की ग्राम पंचायत सकरवारा बगुलिहाई के मजरा रंभकपुरवा निवासी मान सिंह पुत्र भारत सिंह ने जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री को शिकायत भेजी है। इसमें बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उसका आवास स्वीकृत हुआ था। सूची में परिवार के सदस्यों के विवरण के साथ उसका आईडी नंबर भी दर्ज था। आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान मनोज कुमार और ग्राम पंचायत सचिव ने गांव महचंदापुर के मान सिंह पुत्र भजनलाल के खाते में आवास का पैसा डलवाकर निकाल लिया। मानसिंह का कहना है कि उसके साथ स्वीकृत हुए अन्य लोगों का आवासों का निर्माण शुरू होेने पर सचिव से पूछताछ की, तो उन्होंने टाल मटोल किया। इंटरनेट पर विवरण देखा तो उसकी आईडी का पैसा दूसरे के खाते में ट्रांसफर होने की जानकारी हुई। आरोप है कि अब प्रधान समझौते के लिए दबाव डाल रहे हैं।
इस संबंध में प्रधान का कहना है कि पूर्व सचिव ने प्रस्ताव दे दिया था। ब्लाक के बाबू की मिली भगत से पैसा मान सिंह पुत्र भजनलाल के खाते में चला गया है। पंचायत सचिव रजनीकांत ने इस मामले में किसी तरह का बयान देने से इंकार किया। बीडीओ वालेश्वर प्रसाद कुशवाहा का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है, जांच कराई जा रही है। दोषियों पर कार्रवाई होगी। सीडीओ एसके सिंह ने कहा कि गड़बड़ी करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
गुगरापुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत गुनाह के मजरा अल्लापुर निवासी रामशरन पुत्र कुंअरपाल का भी आवास स्वीकृत हुआ था। पहली किश्त के चालीस हजार रुपये उसके खाते में गए थे। किंतु दूसरी किश्त के 70 हजार रुपये बैंक आफ इंडिया की सांडी शाखा में पहुंच गई। अभी तक इस मामले की जांच चल रही लेकिन लाभार्थी को दूसरी किश्त नही मिल पाई है।
प्रधान और सचिव डकार गए आवास का पैसा
इंटरनेट पर विवरण देखने पर लाभार्थी को हुई जानकारी, डीएम मुख्यमंत्री से की शिकायत
02-लाभार्थी मान सिंह
03-रंभकपुर्वा का यह कच्चा मकान है लाभार्थी का आशियाना