कलक्ट्रेट में आयोजित पेंशन शिविर में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। फार्म लेने व जमा करने के लिए होड़ मच गई। कन्नौज और जलालाबाद के साथ ही नगर पालिका कन्नौज क्षेत्र के करीब 500 लोगों ने आवेदन पत्र जमा किए। स्वास्थ्य, शिक्षा, चिकित्सा राज्यमंत्री व प्रभारी मंत्री संदीप सिंह ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। 20 पेंशन लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
प्रभारी मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार गरीबों के हितों को ध्यान में रखकर काम कर रही है। पेंशन शिविर से पात्रों को रोजाना अफसरों, सेक्रेटरी व ग्राम प्रधानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। शिविर में एक ही जगह पर आवेदन भरने के साथ ही रिपोर्ट लगाकर स्वीकृति प्रदान हो जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बैंकिंग प्रणाली को काफी मजबूत किया है। जीरो बैलेंस पर गरीबों के जनधन खाते खोले गए हैं। इसका सभी को लाभ मिल रहा है। जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देश पर 20 से 30 जनवरी तक तीनों तहसीलों में पेंशन शिविर आयोजित कराए जा रहे हैं। पेंशन की कार्रवाई एक सप्ताह में पूर्ण करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। प्रभारी मंत्री ने लाभार्थी बिटोली देवी, सुषमा, मीना सहित 20 को स्वीकृति पत्र दिए। इस मौके पर तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत, पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रताप सिंह, सीडीओ एसके सिंह, एसडीएम शैलेष कुमार, उमर्दा ब्लाक प्रमुख अजय वर्मा, पूर्व विधायक बनवारीलाल दोहरे, डीडीओ एनबी सविता, समाज कल्याण अधिकारी संतोष पाठक, बीडीओ सदर धर्मेंद्र यादव, बीडीओ जेएन राव, जिला प्रोबेशन अधिकारी तनुज त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
अपने हित के लिए शक्ल तक न देखने वाले हुए एक
कन्नौज। प्रभारी मंत्री ने सपा-बसपा के गठबंधन का आगामी चुनाव में किस तरह का असर होगा, सवाल के जवाब में कहा कि इस गठबंधन को जनता भी भलीभांति समझ रही है। दोनों दल कभी एक दूसरे की शक्ल देखना पसंद नहीं करते थे, आज अपने हितों को बचाने में एक हुए हैं। पूरा विपक्ष देश के प्रधानमंत्री को लोकसभा चुनाव में घेरने की कोशिश कर रहा है। जनता हर चीज को भलीभांति जानती है। आगामी लोकसभा चुनाव में इस गठबंधन से कोई असर नहीं पड़ने वाला है। प्रधानमंत्री पूरी ईमानदारी के साथ कार्य कर रहे हैं। भारत को सर्वश्रेष्ठ देश बनाना चाहते हैं। कांग्रेस पार्टी के प्रियंका गांधी को सक्रिय राजनीति में उतारने पर कहा कि यह सभी दल एक समान हैं। आगामी चुनाव में इन सभी दलों को भाजपा परास्त करने का काम करेगी।
डीआईओएस मामले की रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई
कन्नौज। पिछले दिनों डीआईओएस दफ्तर में डीआईओएस व प्रधानाचार्य के बीच विवाद पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि इस प्रकरण की जानकारी हुई है। मामले की जांच सदर एसडीएम शैलेष कुमार को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इन लाभार्थियों को बांटे स्वीकृति पत्र
कन्नौज। लाभार्थी नन्हेंलाल, मनोहरलाल, बुद्धा, रामकृष्ण, कन्हैयालाल, दुलारे, भिज्जा, शंभू, गोविंद, संतराम को वृद्धावस्था पेंशन के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। लाभार्थी बिटोला देवी, सुषमा, मीना देवी, प्रेमा देवी, निर्मला देवी, तमदीरन को विधवा पेंशन के स्वीकृति पत्र दिए गए। लाभार्थी रिंकी, आदेश कुमारी, प्रेमबाबू, अंकित, धीरज दिवाकर को दिव्यांगजन पेंशन के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
बालिका दिवस पर वितरित किए गिफ्ट
कन्नौज। बालिका दिवस पर प्रभारी मंत्री संदीप सिंह ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय नगर क्षेत्र की छात्राओं को गिफ्ट दिए। बालिका दिवस पर सभी बेटियों को बधाई देते हुए इनके उज्ज्वल भविष्य की कामना क्री।