सांसद डिंपल यादव के गोद लिए गांव सैय्यदपुर सकरी में शनिवार को संविधान में मौलिक अधिकारों की शपथ व पदयात्रा का आयोजन हुआ। इस दौरान अफसरों ने ग्रामीणों को स्वच्छता सहित खुद सफाई के प्रति सजग रहने का पाठ पढ़ाया।
डीएम अनुज कुमार झा ने कहा कि गांव को आदर्श बनाए जाने के लिए नागरिकों को जिम्मेदार बनना पड़ेगा। सतत शिक्षा अभियान के तहत ग्रामीणों को लिखना व पढ़ना सिखाया जाएगा। ताकि उन्हें शासन की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी हो सके।
अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी बच्चा पढ़ाई से वंचित न रहे। महिलाओं का प्रसव अस्पताल के बाहर किसी सूरत में न होने दें। पर्यावरण की दृष्टि से गांव में 50 हजार पौधों का रोपण कराया जाएगा। भूमिहीन परिवारों को आम आदमी बीमा योजना से जोड़ा जाएगा।
ताकि किसी दुर्घटना में उनको लाभ मिल सके। मुख्य विकास अधिकारी उदयराज यादव ने कहा कि सफाई के लिए ग्राम पंचायतों में सफाई कर्मियों की नियुक्ति है, लेकिन इस व्यवस्था में सभी का जब सहयोग मिलेगा तभी गांव स्वच्छ रह सकेगा। गांव के लोगों में जब जागरूकता आएगी तभी आदर्श गांव स्थापित हो सकेगा। सकारात्मक सोच लानी होगी।
अच्छा कार्य करने वालों की सभी सराहना करें। जिलाधिकारी व जिला स्तरीय अधिकारियों ने तीनों मजरों में पैदल मार्च कर स्वच्छता का ग्रामीणों को संदेश दिया।
इस मौके पर एसडीएम सुनील कुमार शुक्ला, तहसीलदार राजेश सिंह, पीडी एके सिंह कुशवाहा, बीडीओ सदर साधना दीक्षित, समाज कल्याण अधिकारी शैलेंद्र गौतम, भूमि संरक्षण अधिकारी अशोक कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डा.पीएन बाजपेयी, अधिशाषी अभियंता जल निगम राजेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान इखलाक, शिवमूर्ति पांडेय, एनसी टंडन, ग्रामीण नूरहीन, सरवर अली, पूर्व प्रधान शहनवाज, रिहान अली, असलम खां, डा.निफाकत, रघुवीर, सुनील प्रजापति सहित अन्य मौजूद रहे।