कन्नौज। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा के पहले दिन बुधवार को जिले में कुल 4,209 परीक्षार्थियों ने हिंदी का प्रश्नपत्र नहीं दिया। हाईस्कूल में 1,802 और इंटरमीडिएट में 2,407 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी। तालग्राम में एक छात्र उत्तर पुस्तिका लेकर भाग गया, जिसे बाद में पकड़ लिया गया। ठठिया में इंटरमीडिएट की परीक्षा में एक सॉल्वर को पकड़ा गया।
हाईस्कूल हिंदी परीक्षा में 25,081 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 23,279 उपस्थित हुए। इंटरमीडिएट हिंदी परीक्षा में 22,479 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 20,072 ने परीक्षा दी। कानपुर मंडल के संयुक्त शिक्षा निदेशक राजेश कुमार वर्मा और अपर जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह ने परीक्षा कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर निगरानी रखी गई।
डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और एसपी विनोद कुमार ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस बल की तैनाती, सीसी कैमरों की व्यवस्था, प्रवेश द्वार पर चेकिंग, परीक्षार्थियों की पहचान सत्यापन और कक्ष निरीक्षकों की उपस्थिति का जायजा लिया। डीएम ने केंद्र व्यवस्थापकों को सख्ती बरतने के निर्देश दिए।
दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुए सॉल्वर गिरफ्तार
कन्नौज। यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा के दौरान ठठिया के श्री लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर एक युवक को दूसरे छात्र के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। यह घटना इंटरमीडिएट सामान्य हिंदी की परीक्षा के दौरान हुई। कक्ष निरीक्षकों को परीक्षार्थी पर संदेह हुआ जिसके बाद पूछताछ में फर्जी पहचान का खुलासा हुआ। पकड़े गए युवक ने अपना नाम अतुल कुमार निवासी रहीमपुर, विषधन कानपुर देहात बताया है। केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
-