कन्नौज। प्रस्तावित कामों को आचार संहिता लागू होने से पहले शुरू कराया जाए। लक्ष्य की पूर्ति शत-प्रतिशत करें। कमी मिलने पर अधिकारी की जिम्मेदारी ठहराते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह निर्देश जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने कलक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को दिए।
उन्होंने स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग, समाज कल्याण, वन विभाग, मनरेगा, राजस्व, जल निगम, पंचायतीराज आदि विभागों द्वारा कराए जा रहे कामों के संबंध में जानकारी ली। कडे़ निर्देश दिए कि जिन विभागों को धनराशि अवमुक्त हो गई है और अभी तक काम आरंभ नहीं कराए गए, वह तत्काल शुरू कराएं। लापरवाही किसी भी दशा में न बरती जाए।
डीएम ने निर्देश दिए कि टेंडर की प्रक्रिया में भी तेजी लाएं। जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्रों का शुभारंभ जल्द से जल्द कराएं। कामों की सूची तत्काल उपलब्ध कराएं। जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि शौचालय के निर्माण भी आरंभ कराएं। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि विकास से संबंधित योजनाओं के अंतर्गत जो भी कार्य आरंभ कराए जा रहे हैं, उनकी सूची तैयार की जाए। उन्होंने जलनिगम अफसरों को हैंडपंप लगाने के लिए कहा। कहा कि आदर्श आचार संहिता लागू होने से पहले विकास कार्यों को शुरू कराना हर हाल में सुनिश्चित करें।
प्रस्तावित काम आचार संहिता लगने से पहले शुरू कराएं
डीएम रवींद्र कुमार ने की विकास कार्यों की समीक्षा