कन्नौज। बैंक के अंदर पैसा जमा करने पहुंचे व्यापारी को झांसे में लेकर शातिर ने उसका मोबाइल और नगदी पार कर दी। व्यापारी ने उसे काफी तलाश किया, लेकिन उसका पता नहीं लगा। सूचना पर पुलिस ने जांच-पड़ताल की।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव मियागंज निवासी सुमित कुमार पुत्र बाबूलाल मौरंग गिट्टी का व्यापार करता है। गुरुवार को वह पंजाब नेशनल बैंक में दस हजार रुपये जमा करने गया था। तभी बैंक के अंदर एक युवक ने सुमित कुमार से विड्राल फार्म भराया। इस दौरान उस युवक ने सुमित से उसकी बाइक लॉक न होने की बात कही। सुमित झोले में रखे 10 हजार रुपये और मोबाइल वहीं मेज पर रखकर बाइक लॉक करने चला आया।
तभी शातिर युवक नगदी और मोबाइल लेकर भाग निकला। लौटने पर नगदी और मोबाइल गायब देखकर सुमित ने शातिर युवक को बैंक के अंदर तलाश किया, लेकिन वह दिखाई नहीं दिया। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे कोतवाली ने पीड़ित से पूछताछ कर बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर युवक की पहचान की। कोतवाल एके सिंह ने बताया कि टप्पेबाजी करने वाले युवक को जल्द दबोच लिया जाएगा।