कन्नौज। वृद्धाश्रम में रहने वाले 40 बुजुर्गों को बस से चित्रकूट धाम यात्रा पर भेजा गया। डीएम शुभ्रांत शुक्ल और सीडीओ रामकृपाल चौधरी ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
डीएम ने कहा कि तीर्थ यात्रा से मन की शांति के साथ नई ऊर्जा मिलती है। तीर्थ यात्रा से स्वास्थ्य लाभ होने के साथ-साथ पौराणिक जगहों पर जाने से देवी-देवताओं से जुड़ी कथाएं और परंपराएं मालूम होती हैं। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों को तीर्थयात्रा में जाने के लिए काफी उत्सुकता थी। इसलिए तीर्थयात्रा के लिए भेजा जा रहा है।
उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि यात्रा में वृद्धजनों को पानी, भोजन आदि सुविधाओं में कमी नहीं होना चाहिए। जिला समाज कल्याण अधिकारी एसपी सिंह ने बताया कि डीएम की ओर से वृद्धजनों की तीर्थ यात्रा की अच्छी पहल चलाई गई है। इससे वृद्धजनों को मानसिक तनाव कम होने के साथ सुखद एहसास होता है। पिछले साल भी 40 वृद्धजनों को मथुरा, वृंदावन की तीर्थ यात्रा के लिए भेजा गया था।