उपकेंद्र में मरम्मत में जुटे कर्मचारियों को निर्देश देते अधिशासी अभियंता उमेश चंद्र वर्मा।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज)। 700 गांवों को 26 घंटे बाद बिजली नसीब हो सकी। मंगलवार दोपहर ढाई बजे सौरिख फीडर का तार टूटकर हसेरन फीडर पर गिरने से छिबरामऊ के 220 केवी उपकेंद्र में धमाके के बाद फाल्ट आ गया था। धमाके से फीडर के ब्रेकर, सीटी, आइसोलेटर जल गए थे। आग की चपेट में 40 एमवीए का ट्रांसफार्मर भी आ गया था। फीडरों की मरम्मत के लिए कानपुर से मेंटीनेंस टीम को बुला लिया गया। टीम ने कई घंटे की मशक्कत के बाद फाल्ट दुरुस्त किया।
बुधवार को पूर्वी बाईपास स्थित 220 केवी उपकेंद्र में झांसी के अधीक्षण अभियंता राजीव कुमार शर्मा, कानपुर पनकी के अधीक्षण अभियंता सुनील चंद्र मिश्रा, पनकी के अधिशासी अभियंता डीसी शुक्ला, अधिशासी अभियंता झांसी अरविंद कुमार टीम के साथ पहुंचे। टीम ने आग लगने से हुए नुकसान का जायजा लिया। फीडरों की मरम्मत के लिए कानपुर से मेंटीनेंस टीम भी पहुंच गई। पूरी दोपहर टीम लगी रही। अधिशासी अभियंता उमेश चंद्र वर्मा मेंटीनेंस में लगे कर्मचारियों को निर्देश देते रहे। उन्हाेंने बताया कि 220 केवी उपकेंद्र में आग लगने से विभाग को छह लाख का नुकसान हुआ है। तीन ब्रेकर जलने के अलावा छह सीटी, चार आइसोलेटर, दो एलए (लाइटिंग अरेस्टर) पूरी तरह से जल गए। 40 एमवीए के ट्रांसफार्मर को सही करा लिया गया था।
कहा कि चार्जिंग के लिए एसएलडीसी से कोड का इंतजार किया जा रहा था। दोपहर बाद तक सौरिख फीडर को सही कर लिया गया। हसेरन फीडर पर कार्य चल रहा था। अधिशासी अभियंता ने बताया कि सौरिख फीडर जल्द ही बहाल किया जाएगा। इसके अलावा जैक बस स्पेयर लगाकर हसेरन फीडर की आपूर्ति शुरू की जाएगी।