कन्नौज। शुक्रवार की देर रात आई तेज आंधी और बारिश ने जिले की बिजली व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। आंधी के कारण 41 पोल टूट गए और तीन ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। इससे 250 गांवों की आपूर्ति ठप हो गई। ग्रामीणों को रातभर अंधेरे में गुजारनी पड़ी।
जलालाबाद क्षेत्र में रात 11 बजे बिजली आपूर्ति बाधित हुई, जो शनिवार सुबह 11 बजे के बाद बहाल हो सकी। कन्नौज-सरायमीरा मार्ग पर बोर्डिंग मैदान के पास एक ट्रांसफार्मर पर पेड़ गिर गया, जिससे मार्ग भी कुछ समय के लिए बाधित रहा। इसके अलावा जसपुरापुर गांव और काजीटोला में भी पेड़ गिरने से ट्रांसफार्मरों और बिजली लाइनों को नुकसान पहुंचा। बिजली निगम की टीमों ने रात से ही मरम्मत कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों को गर्मी और पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ा।अधिशासी अभियंता मगन सिंह ने बताया कि आंधी से 41 पोल क्षतिग्रस्त होने के कारण कई फीडरों की आपूर्ति बाधित हुई थी। दोपहर तक लगातार काम चलने के बाद अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
नीम का पेड़ मकान पर गिरा
गुरसहायगंज। तेज आंधी ने कोतवाली क्षेत्र की चौकी सराय प्रयाग समगुरा बहादुर गांव के मजरा नवादा में एक परिवार को दहशत में डाल दिया। दरवाजे पर खड़ा सालों पुराना नीम का पेड़ जड़ समेत उखड़कर मकान पर गिर पड़ा। हादसे में मकान का छज्जा टूट गया और कमरे की छत का लिंटर व जीना चटक गया। गनीमत रही कि उस समय घर में मौजूद 12 लोग सुरक्षित बच गए, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पेड़ हटाने में मदद की। परिवार ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कराकर आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।
आंधी से गिरी मकान की रेलिंग, टला हादसा
उमर्दा। इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के निकारीपुर गांव में आई तेज आंधी-तूफान के दौरान बड़ा नुकसान हुआ। गांव निवासी बृजनंदन यादव के यहां 40 फुट लंबी रेलिंग भरभराकर गिर गई। रेलिंग के मलबे में दबने से एक मवेशी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि तेज आंधी के चलते कई कच्चे और कमजोर निर्माण भी प्रभावित हुए हैं।
वर्जन
आंधी तेज होने के कारण ग्रामीण इलाकों में ज्यादा नुकसान हुआ है। टूटे पोलों को लगवाया जा रहा है। जल्द ही सभी क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी। शहर में भी नुकसान हुआ है, लेकिन उसे दुरुस्त कर लिया गया है।
-मगन सिंह, अधिशासी अभियंता, बिजली निगम