डीआईओएस केपी सिंह यादव ने रविवार को नगर के हीरालाल वीएन इंटर कालेज मूल्यांकन केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान 24 परीक्षक गैर हाजिर मिले। डीआईओएस ने केंद्र व्यवस्थापक को इन परीक्षकों का वेतन काटने के निर्देश दिए। वहीं, वित्तविहीन स्कूलों के परीक्षकों के मानदेय की दूसरी किस्त रोक दी जाएगी।
कई कापियों में गलत उत्तर पर भी परीक्षक ने अंक दे दिए थे, इस पर उन्होंने परीक्षक को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापक से परीक्षकों की उपस्थिति के बारे में जानकारी ली। रविवार को 333 परीक्षक उपस्थित मिले और 24 नदारद थे। वहीं 41 डिप्टी हेड में चार अनुपस्थित थे। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापक को गैरहाजिर रहने वाले परीक्षकों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
डीआईओएस ने बताया कि वित्त विहीन स्कूलों के परीक्षकों के मानदेय की दूसरी किस्त रोक दी जाएगी। इस दौरान पर्यवेक्षक डॉ. सुनील चतुर्वेदी, राजकीय इंटर कालेज उमर्दा के प्रवक्ता डॉ. अजय यादव, जेडी जनता इंटर कालेज के प्रधानाचार्य ज्ञानेशचंद्र दुबे, माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेशीय मंत्री श्रीकृष्ण यादव, जिलाध्यक्ष शिवनाथ सिंह वर्मा सहित कई शिक्षक मौजूद थे।