कन्नौज। जिले में कोरोना संक्रमण ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। जिला एवं सत्र न्यायालय कर्मचारी, जिला अस्पताल के प्रशासनिक अधिकारी व बंदी समेत 24 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसी के साथ जिले में एक्टिव केस की संख्या 96 पहुंच गई है। पिछले साल से अब तक 3610 लोग चपेट में आ चुके हैं। अब तक 49 लोगों की मौत हो चुकी है।
मास्क न लगाना और सामाजिक दूरी का ध्यान न रखना मुसीबत बनता जा रहा है। बुधवार को आई जांच रिपोर्ट में 24 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें सुक्खापुरवा निवासी 31 वर्षीय महिला, मधपुर्वा निवासी 54 वर्षीय पुरुष, भाउलपुर निवासी 43 वर्षीय पुरुष, बटेला निवासी किशोरी, महसौनापुर निवासी 25 वर्षीय युवती और फिरोजपुर में एक परिवार के चार लोग संक्रमित मिले हैं। इसी तरह शहर के मोहल्ला होली निवासी 40 वर्षीय पुरुष, गंज मुर्शदाबाद निवासी 55 वर्षीय पुरुष, जलालाबाद निवासी 20 वर्षीय युवक, सुभाष नगर तिर्वा निवासी 25 वर्षीय युवक, ठठिया निवासी 30 वर्षीय युवक, खमियांमऊ निवासी 15 वर्षीय किशोरी, ननेरा निवासी 34 वर्षीय युवक, शहर के मोहल्ला यूसुफपुर भगवान निवासी 42 पुरुष, छिबरामऊ निवासी 55 वर्षीय महिला, शहर के मोहल्ला मीरवैस टोला निवासी 61 वर्षीय वृद्ध, शहर के मोहल्ला बीबी चिमनी निवासी 27 वर्षीय युवक, शांतिभंग में पुलिस की ओर से गिरफ्तार किए गए महचंदापुर गांव निवासी 25 वर्षीय आरोपी युवक, सिविल कोर्ट के 34 वर्षीय लिपिक, जिला अस्पताल के 57 वर्षीय प्रशासनिक अधिकारी की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
----------------
कोरोना से वृद्ध महिला की मौत
गुरसहायगंज। कोरोना से वृद्ध महिला की मौत हो गई। नगर के मोहल्ला अफसरी निवासी रिटायर्ड 80 वर्षीय शिक्षिका शारदा देवी वाजपेयी लंबे समय से बीमार थीं। परिजनों ने पांच दिन पहले कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती कराया था। जांच के दौरान कोरोना संक्रमित होने की रिपोर्ट आई थी। कानपुर में इलाज के दौरान मंगलवार को मौत हो गई। कोरोना के चलते परिजनों को शव नहीं दिया गया।
----------------------------
कोरोना वैक्सीन लगने के बाद हुए संक्रमित
जिला अस्पताल के प्रशासनिक अधिकारी की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह जिला अस्पताल में कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज ले चुके थे। इसके बाद भी संक्रमित होने पर उन्होंने खुद को होम क्वारंटीन कर लिया है। यह 14 दिन तक होम क्वारंटीन रहेंगे। इस संबंध में सीएमओ का कहना है कि वैक्सीन लगने के बाद कोरोना संक्रमित होना कोई नई बात नहीं है। यह वैक्सीन शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाती है। वैक्सीन लगने के बाद भी बचाव करना जरूरी है।
----------------
लापरवाही पडे़गी भारी: सीएमओ
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कृष्ण स्वरूप का कहना है कि लोगों की लापरवाही सभी पर भारी पडे़गी। कोरोना संक्रमण बढ़ता रहा तो आने वाले समय में जिले की जनता को लॉकडाउन से गुजरना होगा। अभी समय है। लोग खुद में सुधार करें। मास्क लगाने के बाद ही घर से निकलें। सामाजिक दूरी का पूरी तरह पालन करें। बेवजह घर से न निकलें।