कन्नौज। पीएम की जनसभा से पहले पुलिस मैदान से अन्ना मवेशियों को पकड़ेगी। पुलिस ने यहां से अन्ना मवेशियों को पकड़ कर गोशालाओं में छोड़ने का फैसला लिया है।
जिले में 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। भाजपा प्रत्याशी सुब्रत पाठक के समर्थन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डीएन इंटर कालेज तिर्वा के मैदान पर 27 अप्रैल को जनसभा करेंगे। पीएम की जनसभा को लेकर पुलिस महकमे ने सुरक्षा की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस मैदान में सप्ताह के प्रत्येक रविवार को बड़ा मवेशी बाजार लगता है। इससे आसपास के किसान रविवार को यहां अन्ना मवेशी छोड़कर चले जाते हैं। जनसभा के दौरान अन्ना मवेशियों से अफरा-तफरी न मचे, इससे पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने तिर्वा कोतवाली पुलिस को अन्ना मवेशी मैदान से गोशाला या अन्य स्थानों पर छोड़ने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को पुलिसकर्मियों ने चौकीदारों की मदद से अन्ना मवेशियों को खदेड़कर ईशन नदी के पास छुड़वाया। एसपी ने बताया कि अन्ना मवेशियों से असुविधा न हो, इससे इन्हें दूर भगाया जा रहा है।
किसानों पर रहेगी पुलिस की नजर
पीएम की रैली के दौरान किसान अन्ना मवेशी छोड़कर विरोध जता सकते हैं। खुफिया विभाग ने इस बात की आशंका जताई है। इससे पीएम की जनसभा के दौरान तिर्वा को जाने वाले सभी रास्तों पर पुलिस की जबरदस्त चौकसी रहेगी। अगर कोई किसान अन्ना मवेशी लेकर जाता है, तो उसे हिरासत में लिया जाएगा।
पीएम की जनसभा से पहले अन्ना मवेशी पकड़ेगी पुलिस
जनसभा वाले मैदान पर लगता है मवेशियों का बाजार, बड़ी संख्या में अन्ना मवेशियों का रहता झुंड