कन्नौज। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी रवींद्र कुमार ने मेडिकल कालेज का औचक निरीक्षण किया। आशुलिपिक बिना किसी सूचना के गैरहाजिर मिलीं। उन्होंने कार्रवाई के निर्देश सीएमएस डॉ. दिलीप सिंह को दिए हैं। डीएम ने कहा कि डॉक्टर समय पर उपस्थित हों। अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखा जाए।
डीएम ने मेडिकल कालेज के इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया। रजिस्टर में दर्ज चार चिकित्सक मौजूद नहीं मिले। सीएमएस ने बताया कि इन चार चिकित्सकों में दो की दोपहर और दो की रात में ड्यूटी लगाई है। इसलिए सुबह मौजूद नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मरीजों के उपचार में किसी भी दशा में लापरवाही न बरती जाए। किसी मरीज द्वारा शिकायत की जाती है तो संबंधित चिकित्सक की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सड़क हादसे में घायल रामगोपाल के इमरजेंसी में पहुंचने पर, डीएम ने तत्काल उपचार देने के निर्देश दिए। स्टाफ की उपस्थिति पंजिका का भी अवलोकन किया। आशुलिपिक प्रीती कुशवाहा गैरहाजिर मिलीं। उन्होंने सीएमएस को कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम ने कहा, मरीजों को बाहर से दवा न लिखी जाएं। इस दौरान उपजिलाधिकारी तिर्वा महेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।
डीएम ने मेडिकल कालेज का किया निरीक्षण, आशुलिपिक मिलीं गैरहाजिर
डॉक्टरों को समय से उपस्थित रहने के दिए निर्देश, सफाई व्यवस्था बेहतर रखने और मरीजों को समय पर दवा उपलब्ध कराने के लिए भी कहा