कन्नौज। बारिश ने गुरुवार की देर शाम बिजली व्यवस्था को बड़ा झटका दिया। 133 केवी मकरंदनगर विद्युत उपकेंद्र की मुख्य एक्सएलपीई केबल में आग लग जाने से शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के आठ फीडरों की बिजली आपूर्ति दो घंटे तक ठप रही। इससे 20 हजार उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मकरंदनगर बिजलीघर की मुख्य केबल में शाम करीब 4:55 बजे अचानक फाॅल्ट हुआ और उसमें आग लग गई। आग लगते ही सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित फीडरों की आपूर्ति बंद कर दी गई। इसके चलते कलक्ट्रेट, अजयपाल, कोल्ड, शहर डॉटन समेत अन्य फीडरों से जुड़े क्षेत्रों की बिजली गुल हो गई। उमस भरे मौसम में बिजली कटने से घरों, दुकानों और कार्यालयों में लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ीं। सूचना मिलते ही अधिशासी अभियंता मगन सिंह, एसडीओ सचित शर्मा और अवर अभियंता समीर यादव मौके पर पहुंच गए।
कर्मचारियों की टीम ने खराबी का पता लगाकर मरम्मत कार्य शुरू किया। दो घंटे की मशक्कत के बाद केबल की खराबी दूर कर आपूर्ति बहाल की गई।बिजली निगम के अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश और नमी के कारण केबल में तकनीकी खराबी आने की आशंका है। फॉल्ट की जांच कराई जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो। आपूर्ति बहाल होने के बाद उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली, लेकिन दो घंटे की कटौती ने विभाग की व्यवस्थाओं पर सवाल भी खड़े कर दिए। अधिशासी अभियंता मगन सिंह ने बताया कि नमी के कारण केबल में फाॅल्ट हो गया था, उसे सही करा दिया गया है।