हसेरन। जानवरों में पेट की समस्या को लेकर पशुपालक ने भेड़ों को दवा पिलाई। दवा पीते ही अचानक भेड़ बीमार पड़ गईं और कुछ देर में ही 20 भेड़ों ने दम तोड़ दिया। पशुपालक ने पशुपालन विभाग पर गलत दवा देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
क्षेत्र के राजपुर गांव में 28 अक्तूबर को जिला पशु विभाग की टीम ने शिविर लगाकर भेड़ पालकों को भेड़ों के पेट में होने वाले कीड़ों को मारने की दवा वितरित की थी। गांव निवासी पशुपालक अशोक ने भेड़ पाली हैं। उनका आरोप है कि पशुपालन विभाग ने जो दवा दी थी, उसे पिलाने से उनकी 20 भेड़ें मर गईं। भेड़ों की मौत से पूरे गांव में खलबली मच गई। सूचना पर पुलिस भी गांव पहुंची और पालक से मामले की जानकारी ली।
मामले में पशु चिकित्साधिकारी कर्ण वीर सिंह ने बताया कि 28 अक्तूबर को मवेशियों के पेट में होने वाले कीड़ों की दवा वितरित की गई थी। सभी भेड़ पालकों को दवा देने की मात्रा बताई गई थी। मात्रा से अधिक दवा देने से भेड़ों की मौत हुई है। भेड़ों का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।