छिबरामऊ। शहर की पश्चिमी बाईपास के पास निगम मंडी में देर रात एक आढ़त पर चोरों ने धावा बोल दिया। चोरों ने दुकान पर सो रहे मुनीम की बेरहमी से पिटाई कर दी। सेफ का लॉक तोड़ हजारों रुपए की नकदी पार कर दी। यही नहीं वहां लगे सीसीटीवी कैमरे भी चोराें ने तोड़ डाले। पीड़ित व्यापारी ने घटना की तहरीर कोतवाली में दी है।
फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद निवासी अमित गुप्ता पुत्र विनोद गुप्ता की शहर की मंडी में सिद्धार्थ ट्रेडिंग कंपनी के नाम से आढ़त है। आढ़त में फतेहगढ़ के ग्वालटोली निवासी आदेश कुमार पुत्र राधेश्याम मुनीम है। शनिवार की देर शाम अमित आढ़त को बंद कराकर घर चला गया जबकि मुनीम आदेश वहीं दुकान पर सो रहा था। देर रात दो बजे आढ़त में पीछे लगे टीन शेड को काटकर दो चोर घुस गए। चोरों ने आढ़त के अंदर बनी केबिन को खोला और वहां रखी सेफ का लॉक तोड़कर उसमें से 20 हजार रुपए की नकदी पार कर दी। चोरों ने आढ़त में लगे दो सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। इस बीच आदेश की नींद खुल गई। उसके विरोध करने पर चोरों ने लोहे की सरिया से उसकी पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया। चोरों ने उससे मोबाइल भी लूट लिया।
इसके बाद जान से मार डालने की धमकी देते हुए चोर भाग निकले। किसी तरह आदेश ने इसकी जानकारी अमित को दी। चोरी की सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। अमित गुप्ता ने बताया कि उसने शनिवार को ही आढ़त में कैमरे लगवाए थे, जिसे चोर तोड़ गए। पीड़ित व्यापारी ने चोरी की तहरीर कोतवाली में दी है।
आढ़ती के मुनीम को पीटा, दुकान में चोरी
-दुकान में लगे सीसीटीवी भी तोड़े, सेफ से रुपये निकाले
-फर्रुखाबाद के आढ़ती की मंडी स्थिति दुकान पर वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
फोटो 29 सीएचबीपी 51 टूटी सेफ को दिखाता व्यापारी अमित गुप्ता।
फोटो 29 सीएचबीपी 52 घटना की जानकारी देता घायल मुनीम आदेश कुमार।