अमर उजाला ब्यूरो
कन्नौज। बढ़ रहे साइबर क्राइम को कंट्रोल करने के लिए अब पुलिस अफसरों को अमेरिका, फ्रांस व जर्मनी की तर्ज पर ट्रेनिंग दी जाएगी। एटीएम का पिन कोड पूछकर लाखों रुपये की ठगी करने, फेसबुक और ह्वाट्सएप से अश्लीलता और अराजकता फैलाने वालों को आसानी से पकड़ा जा सकेगा। खासतौर पर साइबर क्राइम करने वाले अपराधियों तक पहुंचने और उनके खिलाफ साक्ष्य प्रस्तुत करने का तरीका बताया जाएगा।
इंटरनेट से साइबर क्राइम तेजी से बढ़ रहा है। हर दिन ईमेल, फेसबुक, एटीएम और नेटबैंकिंग अकाउंट व फोन काल के जरिए लोगों को ठगा जा रहा है। इससे साइबर क्राइम कंट्रोल के लिए पुलिस महकमे ने सख्त कदम उठाया है। थानों में तैनात उप निरीक्षकों को साइबर क्राइम से निपटने के लिए सक्षम बनाया जाएगा। तेज तर्रार उप निरीक्षकों को चिह्नित कर उन्हें लखनऊ, बरेली व झांसी, कानपुर जोन की साइबर क्राइम सेल में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
अपर पुलिस अधीक्षक केशव चंद्र गोस्वामी ने बताया कि एक्सपर्ट द्वारा सॉफ्टवेयर, क्राइम डिटेक्शन बाइ साइबर इंटेलीजेंस द्वारा साइबर क्राइम की विवेचना और मार्डन सर्विलांस सिस्टम के तहत उन तक पहुंचने का तरीका बताया जाएगा। हत्या व दुष्कर्म जैसी वारदातों की काल डिटेल्स के आधार पर आरोपियों की लोकेशन से उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। इससे साइबर क्राइम की वारदातों पर अंकुश लगेगा।
जागरूकता अभियान की भी होगी पहल
कन्नौज। साइबर क्राइम की रोकथाम के लिए जिले के थाना क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसमें लोगों को बताया जाएगा कि साइबर क्राइम के शिकार होने का पता लगते ही पीड़ित क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग खाते से पैसे निकलने पर सबसे पहले बैंक में संपर्क कर खाते को ब्लाक कराना चाहिए। इसके अलावा बैंक की पासबुक व एटीएम कार्ड में दिए गए हेल्पलाइन नंबर से बात कर राय लें। इसके बाद संबंधित थाना पुलिस को तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग करें।
- लखनऊ, आगरा, बरेली और झांसी और कानपुर साइबर सेल में एक्सपर्ट देंगे ट्रेनिंग
- एटीएम का पिनकोड पूछकर ठगी, सोशल साइट का गलत उपयोग करने पर होगी कार्रवाई