कन्नौज। दीपावली के चलते 19 अक्तूबर से लगातार चार दिन बैंक बंद रहेंगे। ऐसे में ग्राहक कैश के लिए परेशान हों इसके लिए बैंक शाखाओं ने त्योहारी सीजन में एटीएम फुल रखने का फैसला लिया है।
बता दें कि दीपावली के चलते इस सप्ताह अब बुधवार तक ही बैंक खुले रहेंगे। इसलिए बैंकों के काम निपटाने के लिए अब मंगलवार व बुधवार का दिन ही शेष बचा है। गुुरुवार को दीपावली, शुक्रवार को गोवर्धन पूजा व शनिवार को भैया दूज का अवकाश रहेगा। इसके बाद रविवार की छुट्टी है। अवकाश के दौरान लोगों के सामने कैश की दिक्कत न हो इसके लिए जिले की 131 बैंक शाखाओं 70 एटीएम को बुधवार को ही फुल कर दिया जाएगा। एलडीएम परमाल सिंह ने बताया कि जिले के सभी एटीएम में करीब पांच करोड़ रुपये डाले जाएंगे। शहरी क्षेत्रों में लगे एटीएम में 10-10 लाख और ग्रामीण क्षेत्रों के एटीएम में 5-5 लाख रुपये डाले जाएंगे। त्योहार के अवकाश के दौरान इन एटीएम की मदद से उपभोक्ताओं को कैश की परेशानी से निजात मिल सकेगी।