कन्नौज। लोकसभा चुनाव में लगाए गए कर्मचारियों के स्वास्थ्य का भी विशेष ख्याल रखा जा रहा है। हर पोलिंग पार्टी को जीवन रक्षक दवाओं की किट मुहैया कराई जाएगी। जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट के पास भी दवाओं की अतिरिक्त किट रहेगी। मतदान के दौरान जिले के सभी अस्पताल खुले रहेंगे। एंबुलेंस भी अलर्ट रहेगी।
लोकसभा चुनाव को लेकर शासन प्रशासन के अलावा स्वास्थ्य महकमे ने कमर कसनी शुरू कर दी है। पोलिंग पार्टियों एवं अधिकारियों को दवाओं की किट मुहैया कराई जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी रवींद्र कुमार ने सीएमओ डॉ. कृष्ण स्वरूप को करीब 1650 किटों में बेहतर दवाओं की पैकिंग शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। सीएमओ ने सभी चिकित्सकों व कर्मचारियों की अभी से छुट्टी रद्द कर दी है। मतदान के दौरान जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों की गाड़ियों में दवाओं के अतिरिक्त पैकेट मुहैया कराए जाएंगे। आवश्यकता के अनुसार अधिकारी इनका प्रयोग कर सकेंगे। पोलिंग पार्टियों की रवानगी के दिन कलक्ट्रेट में चार एंबुलेंस व डॉक्टरों की टीम मौजूद रहेगी। यही सुविधाएं पोलिंग पार्टियों की वापसी के समय रहेंगी। सीएमओ ने बताया कि किट में पेट दर्द, बुखार, उल्टी-दस्त, दर्द निवारक टेबलेट के साथ कॉटन और लोशन रहेगा। मतदान के दिन वह स्वयं टीम के साथ गश्त पर रहेंगे। पीएचसी, सीएचसी और जिला अस्पताल के डॉक्टरों को निर्देश दिया गया है कि वे पूरी टीम के साथ चुनाव के दिन अस्पताल में मौजूद रहें। इससे आवश्यकतानुसार पोलिंग पार्टियों को चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जा सके। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।