छिबरामऊ(कन्नौज)। मंगलवार को हुई पालिका बोर्ड की बैठक में प्रस्तुत किए गए बजट प्रस्ताव पर सभासदों ने असंतोष जताते हुए देर शाम अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बोर्ड की आकस्मिक बैठक बुलाने की मांग की।
मंगलवार की देर शाम पालिका सभागार में सभासद शहनवाज, हकीमुद्दीन, शब्बीर खां, अक्कू भदौरिया, नजीम अली, धर्मेंद्र दुबे समेत 20 सभासदों ने हस्ताक्षर कर ईओ सुरेंद्र कुमार को ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया है कि मंगलवार को बोर्ड की बैठक में प्रस्तुत किए गए वित्तीय वर्ष के आय-व्यय के ब्योरे से वह लोग संतुष्ट नहीं हैं। इसमें दर्शाए गए 2 टैंकर, जनरेटर, मोटर आदि को क्रय करने का प्रस्ताव कब पास हो गया, इसकी जानकारी के लिए छह मार्च को बोर्ड की आकस्मिक बैठक का एजेंडा जारी किया जाए। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि बोर्ड की बैठक में बजट प्रस्तुत किया गया था। उस समय किसी ने आपत्ति नहीं की। देर शाम सभासदों ने पत्र सौंपा है। पालिकाध्यक्ष को अवगत करा दिया जाएगा।
सभासदों ने बजट प्रस्ताव पर जताया असंतोष
ज्ञापन सौंपकर बोर्ड की आकस्मिक बैठक बुलाने की मांग