स्कूलों में गंदगी, खिड़की-दरवाजे भी टूटे मिले
कन्नौज। सीडीओ ने शुक्रवार को प्राथमिक विद्यालयों व निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। प्राथमिक पाठशाला भुगैतापुर में गंदगी फैली मिली तो पूर्व माध्यमिक विद्यालय बेहरिन में खिड़की-दरवाजे टूटे थे। इस पर सीडीओ का पारा चढ़ गया और उन्होंने सचिव से तीन दिन में सुधार करने के आदेश देते हुए रिपोर्ट देने को कहा। कमलेपुर्वा में शौचालय का घटिया निर्माण बंद करा दिया।
आंगनबाड़ी केंद्र भवन पदारथपुर में निरीक्षण के दौरान चिनाई में लग रहे मिश्रण की बर्बादी पर नाराजगी जताई। जेई को निर्देश दिया गया कि वह अपनी देखरेख में निर्माण में कराएं। गांव में एक भी शौचालय का निर्माण न मिलने पर खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए गए कि वह स्वयं इस प्रकरण को देखें और शौचालयों का निर्माण शुरू कराएं। दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। आंगनबाड़ी भवन भुगैतापुर में निरीक्षण के बाद निर्देश दिए गए कि 15 अगस्त तक निर्माण पूरा कराएं।
प्राथमिक पाठशाला भुगैतापुर में बालक व बालिकाओं के लिए दो मूत्रालय व एक शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। इस दौरान शौचालय के गड्ढे का ढक्कन टूटा पाया गया। ग्राम प्रधान व सचिव को टूटे ढक्कन को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। पाठशाला में लगे हैंडपंप का प्लेटफार्म टूटा पाया गया। पाठशाला परिसर में हैंडपंप का पानी भरने के कारण गंदगी पाई गई। परिसर में गंदगी मिली।
पंचायत घर के सामने गड्ढे में पानी भरा मिला। यह बच्चों की बीमारी का कारण बन सकता है। तीन दिन के अंदर व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी भवन बेहरिन का निरीक्षण किया गया। परिसर में पूर्व से एक टैंक बना हुआ है, जिसका ढक्कन टूटा हुआ मिला। इसमें कूड़ा डाला जाता है। इसको तत्काल बंद कराने का निर्देश दिया।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय बेहरिन में 80 पंजीकृत छात्रों के लिए सात टीचर नियुक्त हैं। विद्यालय में दो अतिरिक्त कक्षों का निर्माण कराया गया। खिड़की, दरवाजे टूटे मिले। बीएसए को स्वयं निरीक्षण के आदेश दिए गए।
विकास खंड उमर्दा की ग्राम पंचायत कमलेपुर्वा का निरीक्षण किया गया। शौचालय का निर्माण मानक के अनुसार न मिलने पर तत्काल निर्माण बंद कराए जाने के निर्देश दिए। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि तीन दिनो के अंदर निरीक्षण कर आख्या प्रस्तुत करें। ताकि दोषी कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा सके। इस मौके पर उपायुक्त मनरेगा, सहायक अभियंता हाकिम सिंह, अवर अभियंता राकेश सिंह, संतोष कुमार सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
- सीडीओ ने किया प्राथमिक स्कूल निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण
- तीन दिन में व्यवस्थाएं सुधार कर रिपोर्ट देने के दिए आदेश
- कमलेपुर्वा में शौचालय निर्माण के घटिया काम को रुकवाया