तालग्राम(कन्नौज)। बिजली विभाग के जेई का हैरान कर देने वाला कारनामा सामने आया है। जेई ने 16 साल पहले मृत किसान के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। कोर्ट से नोटिस आने के बाद बेटों को मामले की जानकारी हुई। अब परिजन परेशान हैं।
तालग्राम क्षेत्र के अतरौली गांव निवासी सत्यपाल पुत्र दुलारे के नाम घरेलू बिजली कनेक्शन था। करीब 20 साल पहले 1.24 लाख रुपये बकाया होने पर विभाग ने कनेक्शन काट दिया था। जुलाई 2004 में सत्यपाल की मौत हो गई। कुछ दिन पहले सत्यपाल के बेटे प्रदीप के पास कोर्ट से नोटिस आया। इसमें पिता के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी मिली। छानबीन करने पर सामने आया कि तालग्राम उपकेंद्र के जेई जितेंद्र कुमार ने 15 जनवरी 2020 को पिता सत्यपाल पुत्र दुलारेलाल के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कनेक्शन करीब 20 साल पहले ही काट दिया गया था। जेई जितेंद्र कुमार ने बताया कि पड़ोसी के मकान में चोरी से बिजली आपूर्ति हो रही थी। मौजूद लोगों ने सत्यपाल का मकान बताकर गुमराह कर दिया था। इससे भूलवश उन्होंने सत्यपाल के नाम रिपोर्ट दर्ज करा दी। अब न्यायालय में अपना वकील खड़ा कर मुकदमा खत्म करने की अपील करेंगे।
चाचा के साथ रह रहा बेटा प्रदीप
सत्यपाल के बेटे प्रदीप पाल ने बताया कि पिता की मौत के बाद वह अपने भाइयों के साथ चाचा मित्रपाल के घर रहते हैं। चाचा के नाम भी कनेक्शन है। बिजली विभाग के जेई ने गलत तरीके से पिता के नाम एफआईआर दर्ज करा दी।