तालग्राम। ताहपुर से गुरसहायगंज, कस्बा तालग्राम से तिर्वा, अन्य स्थानों तक सवारी ढोने वाले ई-रिक्शा व ऑटो चालक यात्रियों से मनमाना किराया वसूल रहे हैं। इन मार्गों पर निजी व परिवहन बसें न चलने से लोग परेशान हैं। जिससे इलाके के लोगों में काफी रोष है। ग्रामीणों ने मनमाना किराया वसूली पर रोक लगाएं जाने की आला अफसरों से मांग की है।
ग्रामीण प्रदीप कुमार, रामचंद्र, सुनील कुमार, मानसिंह, शेरसिंह यादव, महेंद्र सिंह, शिवम आदि का कहना है कि ताहपुर से गुरसहायगंज की दूरी 16 किलोमीटर है। इस मार्ग पर एक साल पहले ऊसराहार से सौरिख व अमोलर होकर हर घंटे में निजी बसें चलती थीं। ताहपुर से गुरसहायगंज तक का 20 रुपये किराया लगता था। बसों का संचालन बंद हो जाने से ई-रिक्शा व ऑटो चालक यात्रियों से 45 रुपये वसूलते हैं। ऑटो चालकों के इस रवैए से लोगों को काफी परेशानी होती है।
किराये को लेकर आए दिन यात्रियों और ऑटो चालकों में विवाद होता रहता है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। जबकि तालग्राम से तिर्वा की दूरी 16 किलोमीटर है। जिसका ऑटो चालक 40 रुपये किराया वसूलते हैं। लोगों का कहना है कि ऑटो चालकों के पास कोई रेट लिस्ट नहीं है, इसलिए उनकी मनमानी चलती है और अपने अनुसार किराया वसूलते हैं। इस ओर अफसर से लेकर जनप्रतिनिधि भी ध्यान नहीं देते हैं।