कन्नौज। जिले में मलेरिया और डायरिया के रोगी बढ़ रहे हैं। मरीजों से जिला अस्पताल के बेड फुल हैं। इसी तरह मरीज बढ़ते रहे तो स्थिति बिगड़ सकती है। अस्पताल प्रशासन बेड़ बढ़ाने पर विचार कर रहा है।
पिछले कुछ दिनों से जिला अस्पताल की ओपीडी में मलेरिया और डायरिया के दिनभर में दो सौ से ढाई सौ मरीज आ रहे हैं। शाम के वक्त इमरजेंसी में भी ऐसे मरीजों का इलाज किया जा रहा है। तीन दिन में अस्पताल में मरीजों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है। जिला अस्पताल के 100 बेड फुल हैं। चिकित्सक एक बेड पर दो-दो मरीजों को भर्ती कर उपचार कर रहे हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या देखकर सीएमएस यूसी चतुर्वेदी ने बेड बढ़ाने का फैसला लिया है। सीएमएस ने बताया कि अगर मरीजों की संख्या पर नियंत्रण न हुआ तो फोल्डिंग चारपाई डलवा कर इलाज किया जाएगा।
सीएमएस ने स्टाफ के साथ शनिवार को सभी वार्डों का निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सकों को मरीजों से बेहतर ढंग से वार्ता कर उपचार के निर्देश दिए।
मलेरिया, डायरिया के मरीजों से जिला अस्पताल फुल
मरीजों की बढ़ती संख्या देखकर अस्पताल प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था की तैयारी की