छिबरामऊ। अस्पताल रोड स्थित एक मार्केट में संचालित बंगाली के क्लीनिक का शटर तोड़कर चोरों ने एक 1.40 लाख की नकदी पर साफ कर दिया। सुबह क्लीनिक पर पहुंचने शटर टूटा देख चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए जांच पड़ताल की।
मोहल्ला बजरिया निवासी देवेंद्र राय का अस्पताल रोड स्थित हंस मार्केट में बंगाली क्लीनिक है। गुरुवार शाम क्लीनिक में ताला डालकर वह कर्मचारियों के साथ घर चले गए। रात में चोर मार्केट की छत के रास्ते नीचे उतर आए और ताला तोड़ने की बजाय चोर दो फिट शटर को तोड़ कर अंदर घुस गए। इसके बाद वारदात को अंजाम देने के बाद निकल गए। सुबह पहुंचे देवेंद्र राय व कर्मचारियों ने शटर टूटा देख क्लीनिक में चोरी होने की सूचना पुलिस को दी।
देवेंद्र राय ने बताया कि उसने करीब 2.50 लाख रुपये की बीसी उठाई थी। दुकानदारों का हिसाब करने के बाद शेष बचा 1.40 लाख रुपये दुकान में रखा आए थे। बताया कि पिछले कुछ सालों में उनकी दुकान को चोरों ने पांचवीं बार निशाना बनाया है।
दो बार पुलिस चोरों को गिरफ्तार कर सामान बरामद कर चुकी है। इसी मार्केट में संचालित परचून की दुकान को भी चोर दो बार निशाना बना चुके हैं। कोतवाल अजय अवस्थी ने बताया कि जांच टीम को मौके पर भेजा गया है।