छिबरामऊ। पुरानी गल्ला मंडी में दुकान के लिए खरीदारी करने आए दुकानदार की जेब से युवक ने 13,500 रुपये पार कर दिए। जेब से रुपये निकालते हुए युवक का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पीड़ित दुकानदार ने कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी है।
विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के हमीरपुर गांव निवासी रामवीर सिंह घर में किराने की दुकान किए हैं। सोमवार को वह दुकान के लिए लिए सामान खरीदने पुरानी गल्ला मंडी एक थोक विक्रेता की दुकान पर आए थे। खरीदारी के दौरान ही पास खड़े युवक ने उसकी जेब में पड़े लगभग 13 हजार 500 रुपए बड़े शातिर अंदाज में पार कर दिया। खरीदारी के बाद जब उसने पैसे देने के लिए जेब में हाथ डाला तो पैसे गायब देख उसके पैरों तले से जमीन खिसक गई।
इस बीच पास खड़ा युवक वहां से खिसक गया। हंगामा शुरू होते ही थोक विक्रेता ने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किए तो पैसे निकालते हुए घटना कैमरे में कैद थी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुशवाहा ने बताया कि युवक की पहचान कराई जा रही है। कार्रवाई की जाएगी।