कन्नौज। लोकसभा चुनाव में प्रत्याशियों के खर्च पर निगरानी के लिए निर्वाचन आयोग ने मानक तय कर दिए हैं। प्रत्याशियों की चुनाव के दौरान अधिकतम खर्च सीमा 70 लाख रुपये निर्धारित की गई है। चुनाव के दौरान खर्च होने वाले रुपये का ब्योरा भी प्रत्याशियों को देना होगा। नेताजी को एक कुर्सी के लिए सात रुपये चुकाने होंगे। सब्जी पूड़ी के लिए 30 रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
प्रत्याशियों के चुनावी खर्च पर निगरानी रखने के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रशासन ने खानपान सहित अन्य रेट निर्धारित कर दिए हैं। एंप्लीफायर व माइक्रोफोन सहित दो लाउडस्पीकर का भाड़ा एक हजार रुपया प्रतिदिन, एंप्लीफायर व माइक्रोफोन सहित चार लाउडस्पीकर का भाड़ा 1200 रुपया, पोडियम/पंडाल का निर्माण 600 रुपया, फ्लैक्स बैनर 13 रुपया प्रति वर्ग मीटर, कपड़े का बैनर 150 रुपया प्रति वर्ग मीटर, कपड़े के झंडों की दरें 100 रुपया प्रतिनग औसत, प्रचार वाहन में लगाए जाने वाले विभिन्न आकार के झंडों की दरें 40 रुपया, बैज, टोपी 5 रुपया, हैंड बिल 300 रुपया प्रति हजार, पोस्टर 500 प्रति हजार, लकड़ी के फेम पर होर्डिंग 25 रुपया प्रति वर्ग फीट, लोहे के फ्रेम पर होर्डिंग 50 रुपया प्रतिवर्ग फीट, कट आउट लकड़ी के फेम पर 30 रुपया प्रतिवर्ग फीट, माइक 152 रुपया प्रतिदिन, अतिरिक्त हार्न 46 रुपया प्रतिदिन, आडियो कैसेट के माध्यम से प्रचार के लिए कैसेट बनाने की लागत 1000 रुपया प्रति कैसेट, आडियो वीडियो सीडी प्रचार के लिए बनाने की लागत 1100 रुपया प्रति सीडी, कैसेट से कैसेट बनाने की लागत 50 रुपया प्रति कैसेट, सीडी से सीडी बनाने की लागत 20 रुपया प्रति सीडी, गेट का निर्माण प्रतिदिन 2000 रुपया, तोरण का निर्माण 3500 रुपया, मजदूर 350 रुपया, फूलमाला, गेंदा, गुलाब 30 से 60 रुपया प्रति माला, चालक का वेतन शुल्क 600 रुपया, मेज 30 रुपया, कनात 30 रुपया, गद्दा 20 रुपया, दरी 15 रुपया, चादर 15 रुपया, कार्पेट 55 रुपया, सोफा (दो सीटर स्टील का) 50 रुपया, सोफा लकड़ी 400 रुपया, वीआईपी फैंसी कुर्सी कवर सहित 20 रुपया, कुर्सी प्लास्टिक बिना हत्थेदार 5 रुपया, बैरीकेडिंग 14 रुपया, ट्यूबलाइट 9 रुपया, बल्ब 200 वाट 4 रुपया, हैलोजन लाइट 21 रुपया, जेनरेटर 600 रुपया, समोसा 5 रुपया, चाय 7 रुपया, एक लीटर पानी की बोतल 20 रुपया, 25 लीटर वाटर कैन 25 रुपया, नाश्ता (6 पूड़ी सब्जी) 30 रुपया, भोजन लंच प्रति थाली 100 रुपया, कोल्ड ड्रिंक 55 रुपया, आटो रिक्शा 500 रुपया चालक सहित दर चुनाव आयोग ने निर्धारित की है। जिला कोषाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि प्रत्याशियों के खर्च की रेट लिस्ट तैयार हो गई है। खर्च पर निगरानी रहेगी। प्रत्याशियों को खर्च ब्योरा देना होगा।
प्रत्याशी चुनाव के दौरान अधिकतम खर्च कर सकेंगे 70 लाख रुपये