अमर उजाला ब्यूरो
तिर्वा (कन्नौज)।
उमर्दा ब्लाक प्रमुख पद के लिए शुक्रवार को होने जा रहे नामांकन के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली है। गुरुवार से नामांकन पत्रों की बिक्री का काम शुरू हो गया है। नामांकन शुक्रवार को सहायक निर्वाचन अधिकारी के समक्ष दोपहर ग्यारह से तीन बजे तक किया जाएगा। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच-पड़ताल का काम होगा।
उमर्दा के खंड विकास अधिकारी बालेश्वर प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि जिलाधिकारी ने ब्लाक प्रमुख चुनाव के लिए कृषि विभाग के राजेंद्र प्रसाद को सहायक निर्वाचन अधिकारी बनाया है। दोपहर ग्यारह बजे से उम्मीदवार उनके समक्ष ब्लाक सभागार में अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
बीडीओ के मुताबिक 12 अगस्त को दोपहर ग्यारह से तीन बजे तक नामांकन पत्रों की वापसी होगी। 13 अगस्त को दोपहर ग्यारह से तीन बजे तक ब्लाक सभागार में मतदान होगा। इस मतदान प्रक्रिया में ब्लाक के 145 क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिभाग करेंगे। मतदान के बाद मतगणना शुरू होगी। इसके बाद परिणाम घोषित किया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए एसडीएम शालिनी प्रभाकर, सीओ मोनिका यादव, तिर्वा कोतवाल अमरपाल सिंह पुलिस बल के साथ तैनात रहेंगे। नामांकन के लिए ब्लाक के एडीओ पंचायत कार्यालय में नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो गई है। गुरुवार की शाम तक चार उम्मीदवारों ने नामांकन पत्रों की खरीद की है।
- दोपहर 11 बजे से तीन बजे तक उम्मीदवार कर सकेंगे नामांकन
- 13 अगस्त को दोपहर ग्यारह से तीन बजे तक करेंगे मतदान