गुरसहायगंज। अदृश्य शक्तियों से घर में रकम निकालने का झांसा देकर एक युवक ने अंगद से 1.20 लाख रुपये ठग लिए। आरोप है कि आरोपी अब पीड़ित से 31 हजार रुपये और मांग रहा है। मढ़ीपुरवा निवासी अंगद ने पुलिस को शिकायत दी कि 28 अक्तूबर को पड़ुआपुर निवासी एक युवक अपने बहनोई संग उसके घर पहुंचा। उन्होंने अदृश्य शक्तियों के प्रभाव से घर में रकम निकलवाने का झांसा दिया। अंगद ने उनकी बातों में आकर 1.20 लाख रुपये दे दिए। रकम लेने के बाद आरोपियों ने धोखाधड़ी की। अब युवक मोबाइल फोन पर लगातार धमकी दे रहा है। वह रुपये न देने पर बच्चों को जान से मारने की धमकी भी दे रहा है। पीड़ित परिवार दहशत में है, उसने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है। कोतवाल ध्यानेंद्र प्रताप सिंह ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।