जिले में साइबर क्राइम सेल में मामले तेजी से दर्ज किए गए हैं। शिकायत करने पर बैंक अधिकारी मामलों पर चुप्पी साध जाते हैं। सोमवार को पुलिस कप्तान दिनेश कुमार पी से एक रेलवे कर्मचारी ने अपने खाते से 12 लाख की रकम गायब हो जाने की शिकायत दर्ज कराई है। एसपी ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं।
सदर कोतवाली क्षेत्र के रेलवे कालोनी सराय मीरा निवासी राम चईत सिंह ने सोमवार को पत्र सौंपा। बताया कि वह रेलवे में सेक्शन इंजीनियर के पद पर कार्यरत है और उनका खाता सरायमीरा की एसबीआई बैंक में है। उनके खाते में दो जून 2014 तक 14 लाख 39 हजार 147 रुपये जमा थे। इसी खाते में उनकी हर माह की सैलरी भी आती है।
जमा राशि में 10 अक्तूबर 2014 को तीन लाख रुपये निकाले थे। इसके बाद खाते में आई सैलरी से हर माह दो-तीन हजार रुपये निकालता रहा। उन्हाेंने गत 27 अक्तूबर 2016 को बैंक जाकर पासबुक में इंट्री कराई तो उनके खाते से पूरी रकम गायब थी। बताया कि आई सैलरी के हिसाब से उनके खाते में तकरीबन 12 लाख होने चाहिए जो 12 लाख न होकर मात्र 86 हजार ही थे। इस पर उन्होंने कई बार बैंक प्रबंधक से बात की। वह कुछ भी सुनने को तैयार नहीं हैं। बैंक की ओर से कोई कार्रवाई भी नहीं की जा रही है। एसपी दिनेश कुमार पी ने जांच के आदेश दे दिए हैं।