अमर उजाला ब्यूरो
छिबरामऊ। नगरपालिका के पार्क में बिजली विभाग ने ट्रांसफार्मर लगा रखे हैं। इसके अलावा ज्यादातर पार्कों में नलकूपों की बोरिंग होने से उनकी कोठरियां बनी हुई हैं। पार्क में कब्जा होने से लोगों के सामने मॉर्निंग वॉक का संकट बना हुआ है। ऐसे में लोग जान हथेली पर लेकर जीटी रोड पर वॉक करने को मजबूर हैं।
नगरपालिका के पास सबसे ज्यादा पार्क आवास विकास कालोनी में हैं। यहां टेलीफोन एक्सचेंज रोड वाले पार्क में बिजली विभाग ने 400 केवीए के दो ट्रांसफार्मर लगा रखे हैं। तो दूसरे हिस्से में पेयजल आपूर्ति के लिए नलकूप की बोरिंग के साथ उसकी कोठरी बनी हुई है। साथ ही पार्क में पाइप भी रखे हुए। ऐसे में पार्क दुर्दशाग्रस्त है। हालत यह है कि जलभराव और गंदगी होने से लोग उसमें जाना तक मुनासिब नहीं समझते हैं। वहां ट्रांसफार्मर और बिजली के तार निकले होने से लोगों को जान का भी खतरा बना रहता है। ऐसे में मार्निंग वॉक के लिए लोगों को हाइवे पर जाना मजबूरी बन गया है।
आवास विकास में बना पार्क दुर्दशा ग्रस्त होने के कारण बच्चों के खेलने का स्थान भी छिन गया है। ऐसे में बच्चों को मेन रोड पर ही खेलना पड़ रहा है। वाहनों की आवाजाही से उन्हें हमेशा जान का खतरा बना रहता है। कालोनी में रहने वाले कक्षा 10 के छात्र हिमांशू और आशीष चौहान ने बताया कि पार्क में गंदगी और ट्रांसफामर्र रखे होने के कारण वह लोग व अन्य बच्चे पार्क में नहीं खेल पाते। कालोनी के योगेंद्र यादव का कहना है कि पार्कों पर कब्जा होने और सफाई नहीं होने से सुबह उन लोगों को टहलने के लिए सड़क किनारे जाना पड़ता है। जिससे हमेशा दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है।
वीर सिंह चौहान कहते हैं कि पार्कों में जगह न मिलने से सबसे ज्यादा परेशानी मार्निंग वॉक में होती है। उन्हें मार्निंग वॉक के लिए जहानगंज रोड का सहारा लेना पड़ता है। पालिका प्रशासन को चाहिए कि पार्कों को कब्जा मुक्त कराकर उनमें साफ-सफाई बेहतर कराने की व्यवस्था करें।
पार्कों में नलकूप और ट्रॉसफार्मर, टहलें कहां
जीटी रोड पर मार्निंग वॉक करने को मजबूर हैं नगर के लोग
फोटो 25सीएचबीपी51 आवास विकास कालोनी के पार्क में लगा ट्रांसफार्मर।
फोटो 25सीएचबीपी52 पार्क में नलकूप की बनी कोठरी।
फोटो 25सीएचबीपी54 आवास विकास के योगेंद्र यादव।
फोटो 25सीएचबीपी55 वीर सिंह चौहान।