कन्नौज। माध्यमिक स्कूल एक जुलाई से खुल रहे हैं। व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने के लिए डीआईओएस ने वित्तविहीन स्कूलों के प्रधानाचार्यों के साथ सोमवार को कन्हैया लाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर काॅलेज में बैठक की, जिसमें 285 प्रधानाचार्यों में सिर्फ 170 ही शामिल हुए। गैर हाजिर 115 प्रधानाचार्यों से स्पष्टीकरण मांगने के डीआईओएस ने निर्देश दिए हैं।
डीआईओएस पप्पू सरोज ने कहा कि स्कूल खुलने से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। पठन-पाठन का माहौल बेहतर बनाना और शासन के नियमों का पालन करना हर हाल में अनिवार्य है। एक जुलाई से स्कूलों का संचालन पूरी क्षमता और समयबद्ध तरीके से किया जाए। नए सत्र में शैक्षणिक कैलेंडर का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित हो। स्कूलों में सफाई, पेयजल और छात्र-छात्राओं के लिए जरूरी सुविधाओं को दुरुस्त कर लिया जाए। जर्जर भवनों को चिह्नित किया जाए और उन्हें प्रयोग में न लाया जाए। स्कूलों की ओर से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे शत प्रतिशत छात्रों का नामांकन हो सक। छात्रों को चार समूहों में विभाजित करें और प्रत्येक छात्र की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करें। बैठक में प्रधानाचार्यों की लापरवाही सामने आई। 285 में सिर्फ 170 प्रधानाचार्य ही बैठक में शामिल हुए। डीआईओएस ने अनुपस्थित 115 प्रधानाचार्यों से स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए। तय समय सीमा में संतोषजनक जवाब न देने की स्थिति में संबंधित प्रधानाचार्यों और स्कूलों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।