तालग्राम। तालग्राम उपखंड में 110 दिनों में 107 ट्रांसफार्मर फुंके मिले। इस पर अधीक्षण अभियंता ने एसडीओ तालग्राम से स्पष्टीकरण तलब किया है।
उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन ने ट्रांसफार्मर की क्षतिग्रस्त नगण्य करने के निर्देश बिजली उपखंड अधिकारियों को दिए गए थे। अधीक्षण अभियंता ने 17 जुलाई को जारी स्पष्टीकरण नोटिस में बताया है कि पावर कारपोरेशन की ओर से ट्रांसफार्मर की क्षतिग्रस्तता को नगण्य किया जाना है। तालग्राम क्षेत्र में ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्तता कम करने के लिए सार्थक प्रयास नहीं किया गया। समीक्षा में तालग्राम उपखंड में एक अप्रैल से नौ जुलाई तक 10 केवीए के 13, 16 केवीए के छह, 25 केवीए के 73 और 100 केवीए के आठ ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए हैं। इससे यह स्पष्ट होता है कि ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने से बचाने के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।
अधीक्षण अभियंता ने एसडीओ को निर्देश दिए कि तालग्राम उपखंड के कुल ट्रांसफार्मर संख्या और क्षमतावार तथा उन पर स्थापित टेललेस यूनिट व फ्यूज सेट का विवरण, क्षतिग्रस्तता को नगण्य करने के प्रयास सहित तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण भेजना सुनिश्चित करें। स्पष्टीकरण संतोषजनक न मिलने पर कार्रवाई के लिए आला अफसरों को संस्तुति प्रेषित की जाएगी की। अधीक्षण अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि तालग्राम उपखंड में 107 ट्रांसफार्मर फुंके हैं, इसके लिए एसडीओ से स्पष्टीकरण मांगा गया है।