बिजली चोरी रोकने और बकाएदारों के कनेक्शन काटने के
लिए बिजली विभाग के अधिकारियों ने शहर के कई मोहल्लों में चेकिंग अभियान
चलाया। इस दौरान दस बकाएदारों के कनेक्शन काटे गए। वहीं करीब चालीस हजार
रुपये बिजली बकाये का वसूला गया।
एक्सईएन विद्युत पी राम के निर्देश पर
जेई दीपचंद्र, राजेश कुमार व शशिकांत ने टीजीटू अनिल कुमार, रामपाल व
प्राइवेट कर्मचारी अंकित और भरत के साथ सबसे पहले मकरंदनगर के मोहल्ला
मौसमपुर मौरारा में सावित्री देवी गुप्ता के यहां छापा मारा। बकाया मिलने
पर इनका कनेक्शन काट दिया गया।
इसी तरह मोहल्ले के ही सुनील कुमार का भी
कनेक्शन काटा गया। इसके अलावा कानूनगोयान मोहल्ला निवासी जगदीश सिंह,
ग्वालमैदान निवासी मुकेश कुमार, गगन मिश्रा, पंसारियान मोहल्ला निवासी मो.
दाऊद, अतीक उर्फ रहमान, चौहट्टा मोहल्ला निवासी सुशील चंद्र, डाक बंगला रोड
निवासी जयप्रकाश दुबे और संदीप अग्निहोत्री के कनेक्शन काटे गए।
इन पर
10 हजार रुपये से लेकर 99 हजार रुपये तक का बिजली बिल का बकाया चल रहा था।
एक्सईएन ने बताया कि बिजली चेकिंग अभियान नियमित रूप से चलाया जाएगा। बकाया
उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जाएंगे। यदि कोई उपभोक्ता मौके पर ही बकाया
अदा करता है तो उसका कनेक्शन तत्काल जोड़ दिया जाएगा।
यदि काटे गए कनेक्शन
को उपभोक्ता ने बिल अदा किए बगैर जोड़ लिया तो संबंधित के खिलाफ कोतवाली
में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता अपने बकाया बिल का
भुगतान समय पर अदा करें, जिससे कनेक्शन काटने की नौबत पैदा न हो।