एक युवती की हत्या करने के बाद उसका शव प्लास्टिक के बोरे में पैक करके रेवन गांव के पास लखेरी नदी में फेंक दिया गया। वह कौन है और कहां की रहने वाली है फिलहाल इसकी जानकारी नहीं हो पाई है। युवती की उम्र करीब 27 साल मानी जा रही है। माथे में बिंदी लगी है और पैर में बिछिया है इससे साफ है कि वह शादीशुदा थी।
सोमवार की सुबह खेतों पर काम करने जाते समय ग्रामीणों ने लखेरी नदी में एक युवती की लाश उतराती देखी। पुलिस ने पहुंचकर लाश को बाहर निकलवाया। शव प्लास्टिक की बोरी में पैक था। कुछ ही देर में आसपास के लोगों की भीड़ लग गई।
पुलिस ने भी पहचान कराने की कोशिश की मगर देर रात तक सफलता नहीं मिल पाई थी। जिस जगह शव मिला वहां आसपास भी कोई ऐसा साक्ष्य नहीं था जिससे कुछ पहचान हो पाती। जिस तरह से चेहरे और गले पर चोट के निशान मिले हैं उससे साफ है कि हत्या करने के बाद शव को फेंका गया है। फोरेंसिक टीम ने भी आसपास जांच-पड़ताल की।
दस से बारह घंटे पहले ही फेंकी गई थी लाश
फोरेंसिक टीम के अफसरों का कहना है शव की स्थिति देखने से मालूम चल रहा कि इसे दस से बारह घंटे पहले यहां लाकर फेंका गया। शरीर पर पूरे कपड़े मिले हैं इसलिए दुष्कर्म की आशंका से पुलिस इंकार कर रही है।
चौकीदारों से हुई पूछताछ
आशंका जताई जा रही कि लाश करीब रात दस बजे से एक बजे के बीच यहां लाकर फेंकी गई। यहां के रास्ते के बीच में पड़ने वाले आठ गांव के चौकीदारों से भी पुलिस ने पूछताछ की गई लेकिन, पुलिस को इससे भी कोई सुराग हाथ नहीं आया।
शव के शिनाख्त कराने की कोशिश हो रही है। पोस्टमार्टम कराने के बाद ही मौत की वजह मालूम चल सकेगी। पुलिस पड़ताल शुरू कर दी है।
अरूण कुमार चौरसिया सीओ, मऊरानीपुर