युवती को फेसबुक पर किया बदनाम, छात्र गिरफ्तार
झांसी। थाना सदर बाजार क्षेत्र में रहने वाली एक युवती को कानपुर के एक छात्र ने फेसबुक पर बदनाम कर दिया। छात्र ने फर्जी आईडी बनाकर उसे अश्लील संदेश भेजने के बाद कइयों को नंबर बांट दिए। परेशान युवती के पिता ने इसकी शिकायत पुलिस से की। इसके बाद सदर बाजार व साइबर सेल की टीम ने छात्र को पकड़ लिया। शनिवार को पुलिस ने छात्र को अदालत में पेश, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
थाना सदर बाजार क्षेत्र में रहने वाली एक युवती को कई दिनोें से अलग-अलग नंबरों से फोन आ रहे थे। फोन करने वाले कई युवक उसे परेशान कर रहे थे। इतना ही नहीं फेसबुक पर भी उसे परेशान किया जा रहा था। एक युवक लगातार फेसबुक पर तरह - तरह के कमेंट्स कर बदनाम भी कर रहा था। लगातार फोन आने व फेसबुक पर बदनामी की जानकारी उसने अपने पिता को दी। इस पर पिता ने सदर बाजार पुलिस से शिकायत की। अधिकारियों ने मामला गंभीर देखते हुए प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक साइबर सेल डॉ. आशीष कुमार मिश्र के नेतृत्व में आरोपी को पकड़ने के लिए टीम गठित की।
पड़ताल के दौरान पता चला कि उक्त फेसबुक की आईडी कानपुर से संचालित हो रही है। इस पर टीम ने कानपुर पहुंचकर आरोपी को दबोच लिया। उसे झांसी लाया गया। पूछताछ मेें आरोपी ने अपना नाम कानपुर नगर के थाना कल्यानपुर स्थित केशवपुरम निवासी प्रशांत गौतम बताया। पकड़ा आरोपी कानपुर नगर के सिविल लाइन स्थित डीएवी कॉलेेज के बीएससी आईटी का छात्र है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुछ समय पहले युवती कानपुर में ही रहती थी। जिस कॉलेज में वह पढ़ती थी, वहां से किसी तरह उसका नंबर हासिल कर लिया था। इसी साल युवती व उसका परिवार झांसी आकर रहने लगा जिससे परेशान होकर छात्र ने उसे बदनाम करने की ठान ली। इसी के चलते उसने फेसबुक पर फर्जी अकाउंट बनाकर अश्लील संदेश किए और सोशल मीडिया के जरिये उसका नंबर बांट दिया। इस कारण कई युवक फोन पर उसे परेशान करने लगे। शनिवार को पकड़े गए छात्र को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। टीम में निरीक्षक अपराध शाखा अनिल कुमार, उपनिरीक्षक पुरूषोत्तम तिवारी, साइबर सेल से उपनिरीक्षक अजीत कुमार, भानू प्रताप व सोनाली सिंह मौजूद रहीं।