झांसी। वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान घायल हुए महोबा के चरखारी कस्बा निवासी हरिश्चंद्र (40) पुत्र पूरन की शुक्रवार को मौत हो गई। 18 नवंबर को वह ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मेडिकल अस्पताल में उसका उपचार चल रहा था।
हरिश्चंद्र चरखारी में रहकर पेंटिंग करता था। परिवार में पत्नी अर्चना की एक साल पहले मौत हो चुकी है। परिवार में बेटा बच्चू (9) और बेटी सोनम (5) हैं। हरिश्चंद्र के परिजनों ने बताया कि 18 नवंबर को वह अपने ममेरे भाई के घर दतिया गया था। वहां से बृहस्पतिवार को लौटते समय झांसी स्टेशन पहुंचा।
प्लेटफार्म पर पहुंचने पर खजुराहो इंटरसिटी एक्सप्रेस चलने लगी। यह देखकर उसने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की, लेकिन पांव फिसलने से वह ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच गिर गया। किसी तरह आरपीएफ कर्मियों की मदद से उसे निकाला गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। होश में आने पर उसने परिजनों के मोबाइल नंबर बताए। इसके बाद परिवार के सदस्य भी पहुंचे। शुक्रवार को हालत बिगड़ने पर तड़के उसने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन शव लेकर महोबा रवाना हो गए।