झांसी। रक्सा थाना इलाके में सेना की फील्ड फायरिंग रेंज में गोला फटने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। तीनों खोई हुई भैंस खोजते हुए फायरिंग रेंज में दाखिल हो गए थे, तभी अचानक ये हादसा हो गया।
थाना रक्सा इलाके के ग्राम खैरा निवासी गुड्डा परिहार की भैंस खो गई थी। पता चला कि वो फील्ड फायरिंग रेंज में पहुंच गई है। गुड्डा और उसका चचेरा भाई भैंस खोजने जा रहे थे, तभी उन्हें रास्ते में ग्राम खैरा निवासी वीरेंद्र रजक उर्फ वीरू (27) मिल गया। वीरेंद्र भी उन दोनों के साथ हो लिया। फायरिंग रेंज में दाखिल होने पर वीरेंद्र को एक बम नजर आया, उसने उसे उठा लिया। इस पर उसके दोनों साथियों ने बताया कि ये विस्फोटक है, इसे अपने पास नहीं रखो। इस पर वीरेंद्र ने बम फेंक दिया, जिससे उसमें विस्फोट हो गया। इसकी चपेट में आने से तीनों घायल हो गए। घटना में वीरेंद्र रजक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। घटना के बाद से वीरेंद्र के घर में कोहराम मचा हुआ है। उसके तीन भाई और तीन बहनों की शादी हो चुकी है। वीरेंद्र अपने माता-पिता के साथ रहता था।