झांसी। बबीना थाना इलाके में स्थित एक क्रशर में करंट लगने से वहां काम करने वाले युवक की मौत हो गई। प्लांट चालू करते ही युवक हादसे का शिकार हो गया।
बबीना के ग्राम बुढ़पुरा निवासी नंदराम का पुत्र तेज सिंह खैलार में स्थित एक क्रशर प्लांट में पिछले चार-पांच साल से काम कर रहा था। अक्सर रात में वो प्लांट पर ही रुक जाता था। रविवार की रात भी वह वहीं सो गया था। सोमवार को सुबह तकरीबन दस बजे उसने प्लांट चालू करने के लिए बटन दबाते ही उसे करंट लग गया। इससे वो अचेत होकर वहीं गिर गया। साथ में काम करने वाले आननफानन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर आए, यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। मृतक के तीन बच्चे पूर्वी (5), सिमरन (3) व डेढ़ साल का बेटा समर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।