- मौसम खराब होता देख थ्रेसिंग के लिए खेत पर जा रहा था
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बबीना थाना इलाके में एक युवक की ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबकर मौत हो गई। वह मौसम खराब होता देख खेत में रखी फसल की थ्रेसिंग के लिए जा रहा था। इसी दरम्यान रास्ते में हादसे का शिकार हो गया।
बबीना के गांव किल्चवारा निवासी अजय कुमार पाल (22) खेतीबाड़ी करता था। बड़े भाई जय कुमार पाल ने बताया कि खेत पर फसल कटी हुई रखी थी। शनिवार को आसमान में काले बादल छाए हुए थे। ऐसे में अजय फसल की थ्रेसिंग करने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर खेत पर जा रहा था। रास्ते में संतुलन बिगड़ने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। अजय ट्रैक्टर के नीचे दब गया। वहां मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर उठाकर अजय को निकाला। तब उसकी सांसें चल रहीं थीं। आनन-फानन उसे मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भाई ने बताया कि अजय लंबे समय से ट्रैक्टर चला रहा था। ट्रैक्टर किस वजह से असंतुलित हुआ, इसकी जानकारी नहीं हो पाई है।
बता दें कि मृतक छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था। पांच भाई-बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि अजय अविवाहित था। युवक की मौत के बाद से परिजनों का बुरा हाल बना हुआ है।