अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। परिवार मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के संचालक आदेश यादव से तीन बदमाशों ने 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी। न देने पर जान से मार डालने को धमकाने लगे। अस्पताल संचालक ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। देर रात पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया जबकि दो की तलाश में जुटी है।
गुमनावारा निवासी आदेश यादव ने पुलिस को बताया बृहस्पतिवार को उनके अस्पताल में भर्ती एक विवाहिता की मौत हो गई। विवाहिता के साथ आया व्यक्ति शव छोड़कर भाग निकला। उन्होंने इसकी सूचना विश्वविद्यालय चौकी में दी। कुछ देर में अस्पताल में राहुल राजपूत, विष्णु प्रजापति अपने तीन-चार साथियों के साथ पहुंच गए। आरोपी उसको धमकाने लगे। आरोपियों ने उससे 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी। रंगदारी न देने पर जान से मार डालने की धमकी देते हुए अपने दोस्तों को बुला लिया। आरोपी अस्पताल में हंगामा करने लगे। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह के मुताबिक तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। राहुल राजूपत को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया। राहुल के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं।