झांसी। खुशीपुरा स्थित राजकीय बालिका छात्रावास में रविवार आधी रात को संदिग्ध युवक दीवार फांदकर अंदर घुस आया। बाहर सूख रहे छात्राओं के कपड़ोें को भी फाड़ दिया। यह देखकर सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। इसमें युवक परिसर के भीतर घूमता दिखा। यह देखकर छात्राओं में खलबली मच गई। अधीक्षिका की तहरीर पर नवाबाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।
छात्रावास अधीक्षिका प्रभावती ने पुलिस को बताया कि रविवार रात करीब 2 बजे छात्रावास की दीवार फांदकर युवक अंदर घुस आया। यहां से दीवार के सहारे चढ़कर पहली मंजिल पर पहुंच गया। गैलरी में पांच मिनट तक घूमता रहा। उसके बाद नीचे उतरकर परिसर के भीतर आ गया। अंदर आकर छात्राओं के बाहर सूख रहे कपड़ों को फाड़ दिया। करीब 11 मिनट तक वह परिसर में टहलता रहा। इसके बाद बाउंड्री फांदकर बाहर भाग गया। सुबह छात्राओं के कपड़े फटे मिलने पर सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया। इसमें युवक के अंदर घुसने की बात मालूम चली। नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवक की तलाश की जा रही है।