झांसी। विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट आनंद प्रकाश तृतीय की अदालत ने गांजे के साथ पकड़े गए युवक को चार साल के कारावास की सजा सुनाई। अभियुक्त को पुलिस ने रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया था।
विशेष लोक अभियोजक दीपक तिवारी ने बताया कि ओडिशा के जिला देवगढ़ निवासी लोकनाथ साहू उर्फ लुलू को जीआरपी ने 23 जनवरी 2022 को झांसी के रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया था। उसके पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया था। बाद में पुलिस ने आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया था।
न्यायालय ने पूरे मामले की सुनवाई के बाद अभियुक्त लोकनाथ साहू को चार साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई। इसके अलावा 30 हजार रुपये अर्थदंड भी लगाया, जिसकी अदायगी न करने पर छह माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। न्यायालय ने अभियुक्त की गिरफ्तारी होने के चौदह माह के भीतर उसे सजा सुनाई। ब्यूरो